बापूधाम, फेस 2 में खाली पड़े ग्राउंड में असामाजिक तत्वों का लगा रहता है जमावड़ा
JULY 14 , 2025 : ( AVAJ APKI NEWS )
चण्डीगढ़ : वार्ड नंबर 3, बापूधाम कॉलोनी, सैक्टर 26, फेस 2 के निवासियों ने विश्वास एक नई सोच तथा माता जी मुक्ति फाउंडेशन संस्थाओं के पदाधिकारियों से मुलाकात की और काफी समय से लंबित पड़ी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। निवासियों का कहना था कि यहाँ खाली पड़े ग्राउंड में रात भर नशेड़ी लड़के गलत कार्यों में लगे रहते हैं। वहां लाइट भी नहीं है व कूड़े-करकट के ढेर पड़े हैं। इलाके में अराजक तत्व घूमते हैं, जिससे असुरक्षा व भय का माहौल रहता है। निवासियों ने कहा कि यदि यहां एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनवाया जाए, तो समस्या का समाधान हो सकता है। इससे कॉलोनी के जो युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, वे खेलकूद की तरफ आकर्षित होंगे।
इस पर संस्थाओं के पदाधिकारियों ने वहां युवाओं को क्रिकेट टीम बनाने के किए प्रेरित किया व उन्हें बैट-बॉल भी भेंट किए। समाजसेवियों ने आश्वासन दिया कि ग्राउंड में निगम कर्मचारियों के सहयोग से साफ सफाई करवाई जाएगी व लाइट का भी प्रबंध कराया जाएगा। इस अवसर पर संस्थाओं की ओर से बापूधाम की समाज सेविका कांग्रेस नेता सुमनलता वैद, समाजसेवी गोपाल अत्री, कृष्ण कुमार, सुशील कुमार, अनिल, रोहित व जसवंत आदि उपस्थित रहे।

